back to top

राजनांदगांव: तीज मनाने नागपुर जा रहे परिवार की बोलेरो ट्रक से भिड़ी, 9 की मौत, भंडारा में तड़के 3.30 बजे हुआ भीषण हादसा, मृतकों में छह महिलाएं और तीन मासूम बच्चे शामिल…

राजनांदगांव। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत हो गई। नागपुर-रायपुर मार्ग पर पिंपलगांव के पास करीब सुबह 3 से 3.30 बजे बोलेरो और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई।

Advertisements

हादसे में मृतकों में छह महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बोलेरो में 16 से 17 लोग सवार थे और सभी छत्तीसगढ़ से तीज पर्व मनाने नागपुर जा रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और राहगीरों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नागपुर ले जाते समय एक महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया है कि मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। मृत बच्चों की उम्र पांच वर्ष से कम बताई जा रही है।

हादसे में बोलेरो चालक समेत कई लोग घायल हुए हैं। चालक और तीन बच्चों को भंडारा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों को नागपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भेजा गया है।

पुलिस द्वारा मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है। हादसे की सूचना के बाद छत्तीसगढ़ में भी संबंधित परिवारों में शोक का माहौल है।

Advertisements

You cannot copy content of this page