back to top

राजनांदगांव: साइबर ठगी से बचाव, नशा मुक्ति और यातायात सुरक्षा पर छात्रों को जागरूक किया गया…

राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ राज्य के रजत महोत्सव के अवसर पर राजनांदगांव पुलिस एवं भारतीय रिज़र्व बैंक के वित्तीय साक्षरता केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में रेंगाकठेरा हाई स्कूल में साइबर ठगी जागरूकता, नशा मुक्ति और यातायात सुरक्षा पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

Advertisements

कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी विनय पम्मार ने 250 से अधिक छात्र-छात्राओं को विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपने पासवर्ड को किसी के साथ साझा न करें, अज्ञात लिंक, ईमेल या मैसेज पर क्लिक करने से बचें, और सोशल मीडिया पर अनजान रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले जांच अवश्य करें। साथ ही छात्रों को साइबर बुलिंग, फर्जी अकाउंट और फोटो दुरुपयोग के खतरों से अवगत कराया गया।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 या नज़दीकी थाने में शिकायत करें। छात्रों को नशा मुक्ति का संदेश देते हुए बताया गया कि नशा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक जीवन को भी बर्बाद कर देता है। यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट पहनने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और सड़क सुरक्षा पर भी जोर दिया गया।

वित्तीय साक्षरता केंद्र से तेजस्वी वर्मा ने कहा कि डिजिटल सुविधा के बढ़ते दौर में जागरूकता सबसे अहम है। जागरूक रहकर ही हम अपने बैंक खाते और पैसों को सुरक्षित रख सकते हैं और साइबर अपराध से बच सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में आंवला पौधा वृक्षारोपण भी किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य आर.एस. नरवासे, व्याख्याता सेवक राम साहू, पी. वर्मा, एनएसएस प्रभारी युवराज साहू, साइबर सेल से आरक्षक जोगेश राठौर सहित विद्यालय के 250 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page