back to top

राजनांदगांव: सेवा संकल्प अभियान के तहत जालबांधा में सेवा सेतु शिविर, ग्रामीणों को मिली जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी…

राजनांदगांव/जालबांधा, 05 अक्टूबर 2026 – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम जालबांधा स्थित हाई स्कूल परिसर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर की अध्यक्षता खैरागढ़ जनपद पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती राजेश्री त्रिपाठी द्वारा की गई। शिविर में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ विद्युत विभाग से संबंधित योजनाओं एवं सुविधाओं के प्रति जागरूक किया गया।


छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के जालबांधा वितरण केंद्र द्वारा शिविर में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।

ग्रामीणों को रूफटॉप सोलर लगाने से होने वाले लाभ, बिजली बिल में संभावित बचत तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में योजना की भूमिका के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने अधिक से अधिक उपभोक्ताओं से योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

इसके साथ ही ग्रामीणों को मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत अभियान के उद्देश्यों एवं विद्युत उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के माध्यम से पात्र उपभोक्ताओं तक ऊर्जा संबंधी राहत एवं सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।


शिविर में मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के संबंध में भी ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई। उपभोक्ताओं को योजना के अंतर्गत उपलब्ध राहत, बकाया बिजली बिल के समाधान तथा पंजीयन एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे निर्धारित प्रावधानों के अनुसार योजना का लाभ उठाकर अपने लंबित बिजली बिलों का समाधान कराएं।


इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता खैरागढ़ संभाग श्री आलोक दुबे के द्वारा पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। लाभार्थियों ने योजना से प्राप्त लाभ एवं अपने अनुभव साझा करते हुए अन्य ग्रामीणों को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है। श्री दुबे ने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य योजनाओं को ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचाना और उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, सुविधाओं एवं उपलब्ध राहत योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।


शिविर में श्री के.के. सुनहरे एई, आमलीपारा, श्री रवि प्रकाश बंजारे, जेई, वितरण केंद्र अतरिया, श्री राजेश्वर वैष्णव, जेई, जालबांधा सहित विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत अभियान एवं मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी प्रदान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने तथा विद्युत सेवाओं के प्रति जागरूक करने का प्रभावी प्रयास किया गया।

Advertisements

You cannot copy content of this page