back to top

राजनांदगांव: स्वच्छता दीदीयां वर्मी कम्पोस्ट निर्माण कर विक्रय से प्राप्त कर रही अतिरिक्त आमदनी…

राजनांदगांव 04 जून 2021। डोंगरगढ़ मुख्यालय में स्वच्छता दीदीयां वर्मी कम्पोस्ट निर्माण कर विक्रय से अतिरिक्त आमदनी प्राप्त कर आत्मनिर्भर हो रही हैं। अब उन्हें आर्थिक गतिविधियों के लिए पूरे दिन कार्य प्राप्त हो रहा है। वे लगातार कम्पोस्टिंग शेड में वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण कर रही हैं।

Advertisements

कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने डोंगरगढ़ स्थित वर्मी कम्पोस्टिंग शेड का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, पैकेजिंग, सुपर कम्पोस्टिंग निर्माण तथा विक्रय की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वर्मी कम्पोस्ट निर्माण करने के बाद इसके विक्रय में वृद्धि करें।

समूह की महिलाएं शहर के लोगों को वर्मी कम्पोस्ट उपयोग के लिए प्रेरित करें। ऐसे गांव का चयन करें जहां गौठान नहीं है, उन गांव के किसानों को वर्मी कम्पोस्ट क्रय के लिए जागरूक करें। वर्मी कम्पोस्ट विक्रय की एन्ट्री एप में होनी चाहिए। वर्मी कम्पोस्ट निर्माण होने के बाद इसके पैकेजिंग और रखरखाव पर विशेष ध्यान दें।

मिशन क्लीयर सिटी प्रभारी नितीन बख्शी ने बताया कि वर्मी कम्पोस्ट शेड में 81 स्वच्छता दीदी निरंतर कार्य कर रही है। वे डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने के बाद बचे हुए समय में वर्मी कम्पोस्ट निर्माण का कार्य करती हैं। जिससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी मिलती है। अभी तक 75 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट निर्माण किया गया है। वहीं 4 क्विंटल सुपर कम्पोस्ट का निर्माण हो चुका है।

उन्होंने बताया कि गोबर को बारिश से बचाने के लिए ग्रीन बैग में रखा जा रहा है और इसमें वर्मी कम्पोस्ट बनाया जा रहा है। इसके लिए शेड भी तैयार किए गए हैं। सुपर वाईजर नावेद खान ने बताया कि गोबर में डी कम्पोजर डालकर सुपर कम्पोस्ट जल्द ही तैयार हो जाता है। इसके बाद बचे हुए गोबर मेें वर्मी डालकर वर्मी कम्पोस्ट तैयार किया जा रहा है।

इस अवसर पर एसडीएम डोंगरगढ़ अविनाश भोई, सीईओ जनपद पंचायत लक्ष्मण कचलाम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी यमन देवांगन, कार्यपालन अभियंता यदु, तहसीलदार अविनाश ठाकुर, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के श्रीनिवास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page