back to top

राजनांदगांव: स्वामित्व का मिला भरोसा, वर्षों पुराना इंतजार हुआ पूरा…

राजनांदगांव 30 जुलाई 2026। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत मनकी के निवासी श्री दाताराम साहू के लिए स्वामित्व योजना के तहत डिजिटल संपत्ति कार्ड प्राप्त करना किसी सपने के साकार होने जैसा है। वर्षों से अपने घर और जमीन के मालिकाना अधिकार के आधिकारिक दस्तावेज का इंतजार कर रहे उनके परिवार को अब सुरक्षित और प्रमाणिक स्वामित्व का अधिकार मिल गया है।

डिजिटल संपत्ति कार्ड मिलने से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। श्री दाताराम साहू ने बताया कि पहले संपत्ति की सीमाओं को लेकर कभी-कभी विवाद की स्थिति बन जाती थी, जिससे तनाव भी रहता था। अब डिजिटल संपत्ति कार्ड मिलने के बाद मालिकाना अधिकार पूरी तरह सुरक्षित हो गया है।

यह दस्तावेज भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद से बचाने के साथ-साथ कई शासकीय सुविधाओं का लाभ लेने में भी सहायक होगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल संपत्ति कार्ड के माध्यम से बैंक से ऋण प्राप्त करने में आसानी होगी। इसके अलावा बिजली कनेक्शन, नल कनेक्शन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं लेने में भी यह दस्तावेज उपयोगी साबित होगा।

उनका मानना है कि इस योजना से ग्रामीणों को अपनी संपत्ति का वैधानिक अधिकार मिलने के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
श्री दाताराम साहू ने कहा कि उनके परिवार की कई पीढिय़ां इस अधिकार की प्रतीक्षा कर रही थी। आज यह सपना पूरा होने से माता-पिता सहित परिवार के सभी सदस्य अत्यंत प्रसन्न हैं। अब उन्हें यह विश्वास है कि उनका मालिकाना अधिकार पूरी तरह सुरक्षित है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिन परिवारों को अभी तक डिजिटल संपत्ति कार्ड नहीं मिला है, उन्हें भी आगे चलकर इसका लाभ मिलेगा और इससे संपत्ति संबंधी विवादों में कमी आएगी। श्री दाताराम साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित मालिकाना अधिकार प्रदान करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।

Advertisements

You cannot copy content of this page