back to top

राजनांदगांव: हाईवे के ढाबे पर अवैध शराबखोरी का भंडाफोड़, संचालक गिरफ्तार…


राजनांदगांव। लालबाग पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेशनल हाईवे स्थित दशमेश खालसा ढाबा, बनभेड़ी में छापेमार कार्रवाई कर अवैध रूप से शराब पिलाने वाले ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज करने के साथ ही बाद में गवाहों से विवाद करने पर बीएनएसएस की धाराओं के तहत भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

Advertisements

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ढाबे में आने-जाने वाले लोगों को बैठाकर शराब परोसी जा रही है और चखने की भी व्यवस्था की गई है। सूचना पर लालबाग पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोग भाग निकले। पूछताछ में ढाबा संचालक ने अपना नाम दीपक तोतवानी (28 वर्ष) निवासी जीवन आवास कॉलोनी, बसंतपुर बताया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से ब्लैक एंड व्हाइट व्हिस्की की खुली बोतल में बची शराब, एक सीलबंद गोवा अंग्रेजी शराब का पौवा, शराब की गंध वाले डिस्पोजेबल गिलास तथा चखना सामग्री जब्त की। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36(क) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि 12 जुलाई को आरोपी ने इस मामले के गवाहों से गवाही देने की बात को लेकर विवाद किया और शांति भंग करने की स्थिति उत्पन्न कर दी। इसके चलते आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में लालबाग पुलिस द्वारा की गई।

Advertisements

You cannot copy content of this page