
राजनांदगांव। बसंतपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 पौवा देशी शराब, कुल 7.200 बल्क लीटर, बरामद की है। शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी पुलिस ने जब्त किया है। जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब का परिवहन कर बिक्री करने की फिराक में है। सूचना के आधार पर बसंतपुर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निहाल साहू (22 वर्ष), निवासी मोहड़ वार्ड क्रमांक 49 को पकड़ा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 पौवा देशी शराब के साथ स्कूटी क्रमांक CG-07-AC-7762 बरामद कर विधिवत जब्त की। मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 472/2026 के तहत धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश किया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, प्रधान आरक्षक किशोर यादव, आरक्षक भुनेश्वर जायसी, आरक्षक विक्रम चन्द्रवंशी सहित थाना बसंतपुर के अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने अवैध शराब बिक्री, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।











































