back to top

राजनांदगाव : ब्लिंकिट के पनीर में मानक से अधिक लेड, दो डेयरियों का दूध भी अमानक…

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जांच में खुलासा, संबंधित संस्थानों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

राजनांदगांव। त्योहारी सीजन से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की जांच में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। ब्लिंकिट प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन बेचे जा रहे पनीर के नमूने में मानक से अधिक मात्रा में लेड मिलने की पुष्टि हुई है। वहीं, शहर की कान्हा डेयरी और यदु डेयरी के दूध के नमूने भी जांच में अमानक पाए गए हैं। विभाग ने तीनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ब्लिंकिट प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन बेचे जा रहे पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में पनीर अमानक पाया गया और उसमें लेड की मात्रा निर्धारित मानक से अधिक मिली।

इसी तरह शहर की कान्हा डेयरी और यदु डेयरी से लिए गए दूध के नमूने भी जांच में निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। रिपोर्ट सामने आने के बाद विभाग ने संबंधित संस्थानों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

शिकायत के साथ विभाग स्वयं भी कर रहा जांच

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी तरुण बिरला ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार निगरानी और जांच कर रहा है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई करने के साथ ही विभाग स्वयं संज्ञान लेकर भी खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र करता है और उन्हें जांच के लिए भेजता है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।

त्योहारी सीजन में गुणवत्ता पर सवाल

त्योहारी सीजन में दूध, पनीर, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे समय में पनीर में मानक से अधिक लेड और दो डेयरियों के दूध के नमूने अमानक पाए जाने से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page