
एसी, फ्रिज, गीजर सहित चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त कार जब्त
राजनांदगांव। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मनगटा स्थित मिराईकल रिसॉर्ट में कॉटेज से लाखों रुपये के सामान की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है।
मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के एसी, फ्रिज, गीजर, नल सहित वारदात में इस्तेमाल की गई कार जब्त की गई है। जब्त सामान और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 58 हजार 900 रुपये बताई गई है। वहीं, मामले में अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की शाम 3 बजे से 3 अक्टूबर की शाम 4 बजे के बीच ग्राम मनगटा स्थित मिराईकल रिसॉर्ट के कॉटेज नंबर 136, 129 और 131 से अज्ञात चोरों ने पांच एसी, दो फ्रिज, एक साउंड बॉक्स, चार गीजर, तीन नल और एक सिलेंडर चोरी कर लिया था।
चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 78 हजार 900 रुपये थी। रिसॉर्ट प्रबंधन की रिपोर्ट पर सोमनी थाने में अपराध क्रमांक 242/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक के.पी. मरकाम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से मिले तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों की पतासाजी की।
जांच के दौरान पुलिस ने युवराज खुटेल उर्फ लोचन (20 वर्ष), निवासी मुढ़ीपार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसके साथी मोहित लोहार (21 वर्ष), निवासी स्टेशन पारा, मुढ़ीपार तथा रितिक वर्मा (23 वर्ष), निवासी ग्राम पंचपेड़ी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, घटना में दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच एसी, दो फ्रिज, चार गीजर, दो नल और चोरी में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 04 MA 5814 जब्त की है। जब्त मशरूका और वाहन की कुल कीमत 2 लाख 58 हजार 900 रुपये आंकी गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में पीएसआई संजीत जायसवाल, प्रधान आरक्षक डूलेश्वर साहू, तोरण पटेल, बद्रीनाथ दिनकर तथा आरक्षक विनोद महिलांगे, भास्कर प्रधान, प्रदीप जायसवाल, ललित सिंह, लीलाराम साहू और तुषार मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सोमनी पुलिस ने नागरिकों से घरों, प्रतिष्ठानों, रिसॉर्ट और फार्म हाउस में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने तथा सुरक्षा के आवश्यक उपाय अपनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।










































