
पूर्व में चार आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी
डोंगरगढ़। चिचोला पुलिस चौकी क्षेत्र में होटल संचालक से चाकू दिखाकर रुपए मांगने, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और होटल में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कैलाश यादव (23), निवासी इंद्रा नगर, डोंगरगढ़ को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को लालबहादुर नगर निवासी होटल संचालक नीरज कुमार पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने होटल में मौजूद था। इसी दौरान कार क्रमांक CG 08 BC 5595 से सात लोग होटल के सामने पहुंचे और उससे 800 रुपए की मांग करने लगे।
रुपए देने से मना करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू दिखाकर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और होटल के सामान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। पीड़ित ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी।
सूचना मिलने पर चिचोला चौकी प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में केशव साहू, पूरन साहू, विनोद नंदेश्वर और आकाश यादव को 19 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। इसके बाद अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कैलाश यादव ने 7 अक्टूबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। न्यायालय के आदेश के बाद उसे चिचोला चौकी लाकर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 08 BC 5595 भी जब्त की है।
मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी केशरीनंदन नायक के निर्देशन में चौकी प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव और पुलिस टीम द्वारा की गई।










































