back to top

संस्कारधानी की गरिमा ने राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया राजनांदगांव का मान…

राजनांदगांव। संस्कारधानी राजनांदगांव की गरिमा भंसाली ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए गृहलक्ष्मी मिसेज इंडिया 2026 में सिल्वर कैटेगरी में सेकंड रनरअप का खिताब हासिल कर राजनांदगांव और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। नोएडा के क्राउन प्लाजा, मयूर विहार में 13 से 16 अगस्त तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में गरिमा ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और मंचीय प्रस्तुति से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया।

Advertisements

अपनी इस उपलब्धि को लेकर गरिमा भंसाली ने गुरुवार को राजनांदगांव प्रेस क्लब भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित कर प्रतियोगिता के अनुभव साझा किए। उन्होंने संघर्ष से सफलता तक के अपने सफर के बारे में विस्तार से बताया। गरिमा ने कहा कि यह उपलब्धि केवल ताज हासिल करने की खुशी नहीं है, बल्कि इसके पीछे लंबे समय की मेहनत, चुनौतियां, आत्मविश्वास और अनुशासन शामिल है। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान साथी प्रतिभागियों, निर्णायकों और दर्शकों से मिले सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।

तीन सम्मान हासिल कर छोड़ी अलग छाप

गृहलक्ष्मी मिसेज इंडिया 2026 में गरिमा की उपलब्धि केवल सेकंड रनरअप के खिताब तक सीमित नहीं रही। उनके प्रभावशाली व्यक्तित्व और मंचीय प्रस्तुति के लिए उन्हें ‘मिसेज करिश्माई’ का उप-खिताब भी प्रदान किया गया। वहीं सिल्वर रंग के गाउन राउंड में शानदार प्रस्तुति देते हुए उन्होंने ‘सर्वश्रेष्ठ परिधान’ का खिताब भी अपने नाम किया।

इस तरह गरिमा ने प्रतियोगिता में तीन महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया।

पहली बार राजनांदगांव की प्रतिभागी ने हासिल की यह उपलब्धि

गरिमा भंसाली की सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि राजनांदगांव से पहली बार किसी प्रतिभागी ने गृहलक्ष्मी मिसेज इंडिया के राष्ट्रीय मंच पर इस स्तर की उपलब्धि हासिल की है। संस्कारधानी से राष्ट्रीय मंच तक का सफर तय कर गरिमा ने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से महिलाओं के लिए प्रेरणा की नई मिसाल कायम की है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के सामने परिवार और सामाजिक जिम्मेदारियां होती हैं, लेकिन इन जिम्मेदारियों के बीच भी यदि आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो अपने सपनों को पूरा किया जा सकता है। गरिमा ने भविष्य में महिला उत्थान और महिलाओं को आगे बढ़ाने के क्षेत्र में कार्य करने की इच्छा भी व्यक्त की।

सिल्वर, गोल्ड और एलिट कैटेगरी में हुआ मुकाबला

गृहलक्ष्मी मिसेज इंडिया 2026 का आयोजन इस वर्ष सिल्वर, गोल्ड और एलिट तीन श्रेणियों में किया गया। प्रत्येक श्रेणी से तीन प्रतिभागियों को विजेता और उपविजेता के रूप में चुना गया।

सिल्वर कैटेगरी में आरती बारोले विजेता, वंशिका फर्स्ट रनरअप और राजनांदगांव की गरिमा भंसाली सेकंड रनरअप रहीं।

गोल्ड कैटेगरी में विधि खुराना विजेता, जागृति चौधरी फर्स्ट रनरअप और मेघा केंद्रीकर सेकंड रनरअप रहीं।
एलिट कैटेगरी में सीमा बंसल विजेता, रवनीत कौर फर्स्ट रनरअप और डॉ. सुनीता टोंगड़े सेकंड रनरअप रहीं। वहीं शावली नायक को ‘मिसेज कर्वी’ के ताज से नवाजा गया।

गरिमा की इस उपलब्धि से राजनांदगांव में हर्ष का माहौल है। राष्ट्रीय मंच पर शहर का नाम रोशन करने वाली गरिमा भंसाली को विभिन्न सामाजिक संगठनों, महिला समूहों और शहरवासियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Advertisements

You cannot copy content of this page