
राजनांदगांव। दिव्यांगजन कौशल विकास, पुनर्वास एवं सशक्तिकरण हेतु समेकित क्षेत्रीय केन्द्र (सीआरसी), राजनांदगांव, जो कि राष्ट्रीय बौद्धिक दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (NIEPID), सिकंदराबाद के प्रशासनिक नियंत्रण में संचालित है, में मुख्य पहुँच मार्ग पर प्रस्तावित सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह परियोजना दिव्यांगजनों, उनके परिजनों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा अन्य आगंतुकों के लिए सुरक्षित, बाधारहित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
विगत कई वर्षों से जी.ई. रोड से सीआरसी राजनांदगांव तक पहुँचने वाले मार्ग की खराब स्थिति के कारण दिव्यांगजनों एवं अन्य हितग्राहियों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को सीआरसी राजनांदगांव द्वारा जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया गया। जिला प्रशासन ने इस आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए सीसी सड़क निर्माण हेतु वित्तीय स्वीकृति प्रदान की तथा निर्माण कार्य का दायित्व ग्राम पंचायत ठाकुरटोला को सौंपा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में श्री कोमल सिंह राजपूत (जिला अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी), श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव (अध्यक्ष, जिला पंचायत), श्रीमती शीला तकेश साहू (सदस्य, जिला पंचायत), श्रीमती ऐश्वर्या साहू (सरपंच, ग्राम पंचायत ठाकुरटोला), श्री खुमान दास (ग्राम सचिव), सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सीआरसी राजनांदगांव द्वारा दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न सहायक उपकरण एवं आवश्यक सहयोग सामग्री भी वितरित की गई। उपकरण वितरित करते हुए अतिथियों ने लाभार्थियों को शुभकामनाएँ दीं तथा कहा कि ऐसे सहायक उपकरण दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने, उनके दैनिक जीवन को सुगम करने तथा शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी विशिष्ट अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, लाभार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा उनके सहयोग एवं सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।










































