तीजा पर्व की रौनक: मायके पहुँची महिलाएं, बाजारों में बढ़ी चहल-पहल…

राजनांदगांव । भादो सुदी तीज को हर तालिका व्रत रखने बड़ी संख्या में महिलाओं का ससुराल से मायके पहुँचना जारी है। अनेक नौकरी पेशा या कामकाजी महिलाएं कार्यस्थल से सीधे मायके पहुँच रही हैं। इससे इस त्यौहार के लिए अच्छा वातावरण बन गया है। व्यापारियों को तीजा के अवसर से व्यापार – व्यवसाय की स्थिति सुधरने की पूरी उम्मीद है।

तीजा को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, चौक चौराहों तथा बाजार में चहल पहल बढ़ गई है। महिलाएँ भादो सुदी दूज या सोमवार की शाम – रात कडू भात खाकर तीज को हर तालिका व्रत रखेंगी । गणेश चतुर्थी की सुबह पूजा कर के व्रत तोड़ेंगी। बाजार में रविवार को करेले की खूब पूछ परख रही। गोलबाजार – जूनी हटरी व शहीद संदीप यदु हाट बाजार में करेला चालीस, साठ और अस्सी रुपए किलो के भाव बिका । बाजार में करेला की बड़ी खेप पहुँची थी इसलिए पर्व विशेष में इसकी कमी नहीं हो पायी । वैसे यहाँ के व्यापारियों को उम्मीद है कि तीज त्यौहार में उपहार लेने देने के रिवाज के चलते व्यापार व्यवसाय जोरों से होगा।