
राजनांदगांव। थाना सोमनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फुलझर के पास रविवार को एक्टीवा और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक शिवचरण निषाद (46 वर्ष, निवासी ग्राम मुढीपार) अपने साथी रिखीराम यादव के साथ एक्टीवा क्रमांक सीजी 08 एलवाई 6179 से टेडेसरा से मुढीपार की ओर तेज गति से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 एलटी 2172 में तीन लोग सवार थे। ग्राम फुलझर के पास दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में शिवचरण निषाद को सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में रिखीराम यादव निवासी मुढीपार, संतोष साहू निवासी गोटिया (कवर्धा), होमेश साहू निवासी भर्रेगांव (राजनांदगांव) व देशमुख गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव से रिफर किया गया है।
थाना सोमनी पुलिस ने मामले में धारा 106 (1) बीएनएस, 185 एवं 128 एमव्ही एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हेलमेट नहीं पहनने और शराब के नशे में तेज रफ्तार से वाहन चलाने के कारण यह दुर्घटना हुई।
पुलिस की अपील है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, वाहन के सभी दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें।









































