राजनांदगांव : डोंगरगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 06 म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार…

राजनांदगांव। डोंगरगढ़ पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 06 म्यूल अकाउंट धारकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इससे पहले भी पुलिस इसी प्रकरण में 08 म्यूल अकाउंट धारकों को गिरफ्तार कर चुकी है।

मिली जानकारी के अनुसार भारत सरकार गृह मंत्रालय के अधीन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी में यह सामने आया कि बंधन बैंक शाखा डोंगरगढ़ में खोले गए 21 म्यूल खातों में 25 जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2024 तक लगभग 10 लाख 6 हजार रुपए साइबर ठगी से प्राप्त राशि जमा की गई थी। इस पर 15 जुलाई 2025 को थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 360/2025 धारा 317(2), 317(4), 317(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन पर थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले 19 जुलाई को आठ म्यूल अकाउंट धारकों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 26 अगस्त को आगे की तलाश में छह और आरोपियों को पकड़ा गया। इनमें लक्ष्मण निषाद, देवनारायण सोलवंशी, अजय अंबादे, लोकेश गावराने, चेतन धुर्वे और आयुष सहारे शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि म्यूल अकाउंट धारक साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त रकम को अपने खातों के माध्यम से खपाने और संवर्धित करने का काम कर रहे थे। इस कार्यवाही में निरीक्षक भूषण चंद्राकर, योगेश साहू, किशन, अरुण मनहर, लीलाधर मंडलोई, अजय पटले और नेहा बंजारे की विशेष भूमिका रही।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना जानकारी के किसी के कहने पर बैंक खाता उपलब्ध कराना या उसके जरिए लेन-देन करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है, जिस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।