
राजनांदगांव जिले के चौकी चिखली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बजरंगपुर नवागांव में पुरानी रंजिश और लेनदेन के विवाद के चलते तीन आरोपियों ने आगजनी की घटना को अंजाम दिया। इस घटना में एक टाटा टिआगो कार, दो स्कूटी और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। पुलिस ने सायबर सेल की मदद से 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्रार्थी ने चौकी चिखली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 अक्टूबर की रात अज्ञात लोगों ने उसके घर के बाहर खड़ी जुपिटर स्कूटी (कीमत ₹90,000), एक्टिवा स्कूटी (₹50,000), टाटा टिआगो कार (₹3,52,512) और बिजली के सामान (₹60,000) में आग लगा दी, जिससे कुल ₹5,52,512 का नुकसान हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, तथा सीएसपी वैशाली जैन (भा.पु.से.) के निर्देशन में चिखली पुलिस व सायबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को पकड़ा —
- मनोज गोडानी (18 वर्ष 7 माह) निवासी चौखड़िया पारा, थाना बसंतपुर
- रमेश गुप्ता (40 वर्ष) निवासी गौरीनगर, ओपी चिखली
- पवन यादव (40 वर्ष) निवासी इंदामरा, थाना लालबाग
पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश और लेनदेन के विवाद में आग लगाने की बात कबूल की। पुलिस ने उनके विरुद्ध धारा 326(च), 61(1), 3(5) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया। साथ ही आरोपियों पर धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।









































