
राजनांदगांव, 27 अक्टूबर। शहर के राज इम्पीरियल होटल में सोमवार सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अंबागढ़ चौकी निवासी शुभम देवांगन के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है जिसमें उसने अपनी इच्छा से यह कदम उठाने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार शुभम शनिवार सुबह लगभग 11 बजे होटल पहुंचा था और कमरा नंबर 306 में ठहरा हुआ था। सोमवार सुबह जब लंबे समय तक दरवाजा नहीं खुला तो होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जब दरवाजा खोला तो युवक मृत अवस्था में मिला। पुलिस के अनुसार कमरे से नशे की गोलियां बरामद हुई हैं, जिनका सेवन कर शुभम ने जान दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी और वह किसी कार्य में संलग्न नहीं था।

पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुसाइड नोट की जांच की जा रही है और मृतक के मोबाइल फोन व अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।









































