राजनांदगांव : रात्रि गश्त में सक्रिय हुई राजनांदगांव पुलिस असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर…

एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर 100 से अधिक पुलिस जवानों ने किया शहर में फ्लैग मार्च, कई बदमाशों पर की कार्रवाई

राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश पर विजिबल पुलिसिंग के तहत मंगलवार रात्रि को शहर में बड़े पैमाने पर रात्रि गश्त अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में चार राजपत्रित अधिकारी, छह निरीक्षक और लगभग 100 पुलिस जवानों की चार टीमों ने शहर के विभिन्न संवेदनशील और स्लम इलाकों में भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की। इस दौरान पुलिस ने लखोली, सोलहखोली, गौरीनगर, चिखली, शंकरपुर, रामनगर समेत कई क्षेत्रों में गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, नशेड़ियों, स्थाई व गिरफ्तारी वारंटियों के घरों की तलाशी ली। पुलिस ने रात्रि में 47 संदिग्धों को उठाकर पूछताछ की, जिनमें से 11 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

इसी दौरान जिलेभर में 28 गिरफ्तारी वारंटियों और 2 स्थाई वारंटियों को पकड़ा गया। साथ ही आबकारी एक्ट के तहत 9 प्रकरण दर्ज कर 10 आरोपियों पर कार्यवाही की गई। पुलिस ने कुल 157 पौवा देशी शराब, बिक्री रकम 3720 रुपये, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी सहित कुल 1,85,440 रुपये का माल जब्त किया।

इस अभियान के तहत थाना कोतवाली, बसंतपुर, लालबाग और चौकी चिखली क्षेत्र में व्यापक जांच और गश्त की गई। पुलिस ने रास्तों पर मुसाफिरों और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर अपराधियों में भय और आम नागरिकों में विश्वास पैदा किया।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने कहा कि शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, नशे व असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

इस व्यापक रात्रि गश्त अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र नायक, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती तनुप्रिया ठाकुर, उप पुलिस अधीक्षक श्री एम्ब्रोस कुजुर, निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, निरीक्षक एमन साहू, निरीक्षक विनय पम्मार सहित विभिन्न थाना-चौकी प्रभारी एवं रक्षित केन्द्र से प्राप्त पुलिस बल का सराहनीय योगदान रहा।