
राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरतलाब के घने जंगल में आज सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मुठभेड़ के दौरान एक जवान के गंभीर रूप से घायल होने और बाद में शहीद होने की खबर सामने आ रही है, हालांकि पुलिस विभाग द्वारा अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार डीएफ (जिला पुलिस बल), आईटीबीपी एवं मध्यप्रदेश स्पेशल फोर्स की संयुक्त टीम सुबह सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान बोरतलाब के जंगल में पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के दौरान एक जवान को तीन गोलियां लगने की जानकारी मिली है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुआ।
घायल जवान को तत्काल डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच सूत्रों का दावा है कि घायल जवान की इलाज के दौरान शहादत हो गई। बताया जा रहा है कि शहीद जवान ASI आशीष शर्मा, मध्यप्रदेश के बालाघाट स्पेशल फोर्स से हैं। हालांकि इस खबर की भी अधिकारियों ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके की स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं। क्षेत्र में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
घटना की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।









































