back to top

राजनांदगांव: धान की अवैध बिक्री करने वाले कोचियों पर कड़ी कार्रवाई करें -कलेक्टर…


– अन्य राज्यों से लगे सीमावर्ती चेकपोस्ट में धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए सतत निगरानी करने के दिए निर्देश
– विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य को समय पर पूर्ण करने के लिए कहा
– प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए जनमानस को करें प्रोत्साहित
– प्रधानमंत्री आवास योजना तथा एएचपी अंतर्गत निर्माणाधीन आवास को प्राथमिकता से पूर्ण करने के दिए निर्देश
– हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल में परीक्षा परिणाम बेहतर करने के लिए कहा
– किसान क्रेडिट कार्ड से किसानों को अधिक से अधिक करें लाभान्वित
– हाई रिस्क वाली गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की सतत निगरानी के लिए कहा
– साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक संपन्न
राजनांदगांव 19 नवम्बर 2025। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कहा कि धान खरीदी शासन का महत्वपूर्ण कार्य है। इसके लिए कृषि, खाद्य, सहकारिता, मार्कफेड एवं अन्य संबंधित विभाग समन्वित तरीके से कार्य करेंगे। उन्होंने धान की अवैध बिक्री करने वाले कोचियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य राज्यों से लगे सीमावर्ती चेकपोस्ट में धान का अवैध परिवहन नहीं होना चाहिए, इस पर सतत निगरानी रखें।

Advertisements

उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शराब की अवैध बिक्री पर कार्रवाई करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शासन की महती योजना है। इस योजना अंतर्गत विभिन्न कालोनी, आवासीय परिसर में इस योजना अंतर्गत रूपटॉप सोलर प्लांट लगाने के लिए जनमानस को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करें। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुरूप उपभोक्ता सोलर प्लांट लगा सकते है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से ऊर्जा की बचत होगी। उन्होंने इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गहन समीक्षा की तथा कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना तथा एएचपी के तहत निर्माणाधीन आवास के संबंध में जानकारी ली तथा निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।


कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने शिक्षा विभाग में किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी ली। अपार आईडी निर्माण के तहत आधार कार्ड के माध्यम से सत्यापित होने पर आईडी बनने से कार्य में तेजी आयी है। इसी तरह डिजिटल माध्यम से स्मार्ट बोर्ड प्रोजेक्टर से हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल में पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने परीक्षा परिणाम बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑनलाईन कोचिंग के माध्यम से जिले में नेट एवं जेईई की पढ़ाई सतत जारी रखने के लिए कहा। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत कृषि, पशुपालन एवं मत्स्य पालन से संबंधित केसीसी की समीक्षा की। उन्होंने विशेष तौर पर मत्स्य पालन के तहत किसान क्रेडिट कार्ड योजना से किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत हाई रिस्क वाली गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की सतत निगरानी के लिए गृह भ्रमण एवं फोन के माध्यम से उनके स्वास्थ्य की जानकारी की समीक्षा की।

उन्होंने सभी हॉस्पिटल का निरीक्षण करने के लिए कहा। कलेक्टर ने कहा कि मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के लिए सभी विशेष तौर पर कार्य करें। गर्भवती माताओं के एएनसी जांच, दवाईयों पर ध्यान देने की जरूरत है। कलेक्टर ने टीकाकरण, भू-अर्जन, भू-बंटन की स्थिति, पोषण पुर्नवास केन्द्र, महतारी वंदन योजना अंतर्गत ई-केवायसी एवं शासन की अन्य योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page