
राजनांदगांव जिले के चिखली चौकी क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 को प्रार्थी ने चौकी चिखली में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग बेटी को आरोपी लोकनाथ ठाकुर ने चॉकलेट देने के बहाने अशोभनीय बातें करते हुए छेड़छाड़ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 75(1)(iv) बीएनएस एवं 11 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चिखली पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश की और दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, उप निरीक्षक राकेश पटेल सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।










































