राजनांदगांव: शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी, अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार…



राजनांदगांव में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी कर एक व्यक्ति को आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंदौर (मध्यप्रदेश) निवासी मोहम्मद अजीज खान (57 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने मृतक कोमल साहू को शेयर मार्केट में निवेश और तंत्र-मंत्र के जरिए पैसा दोगुना करने का लालच देकर करीब 4 करोड़ रुपये की ठगी की।


जानकारी के मुताबिक, 17 अक्टूबर 2025 को कोमल साहू ने मानसिक तनाव में जहर सेवन कर लिया था, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मर्ग जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, साथ ही बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल डेटा की जांच में आरोपी की संलिप्तता सामने आई। ठगी की रकम वापस नहीं मिलने और कर्ज के दबाव के चलते मृतक गहरे तनाव में था।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की और 3 अप्रैल 2026 को इंदौर से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने नकद और बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये लेना स्वीकार किया है।
आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 17 अप्रैल 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भी जांच कर रही है।