राजनांदगांव: धान उपार्जन केंद्र मोहारा में लाखों का गबन उजागर केंद्र प्रभारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर और खरीददार के खिलाफ एफआईआर दर्ज…

राजनांदगांव 14 मई 2026। जिले के सेवा सहकारी समिति मोहारा में अवैध धान परिवहन और गबन का एक बड़ा मामला सामने आया है। प्रशासन द्वारा की गई आकस्मिक जांच में 995.68 क्विंटल धान की अफरा-तफरी पाई गई है। जिसकी कुल कीमत 30 लाख 86 हजार 608 रूपए आंकी गई है। इस मामले में केंद्र प्रभारी सहित तीन लोगों के खिलाफ पुलिस में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराई गई है।

अवैध धान परिवहन की सूचना मिलने पर सहायक खाद्य अधिकारी श्री द्रोण कामड़े एवं तहसीलदार डोंगरगढ़ श्री अमीय श्रीवास्तव एवं अतिरिक्त तहसीलदार श्री सोनित मेरिया ने मोहारा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी श्री संतोष वर्मा अनुपस्थित पाए गए। जांच दल ने मौके पर वाहन क्रमांक सीजी 08 एल 1049 को पकड़ा। वाहन चालक सुंदरलाल साहू ने बताया कि वह खैरी निवासी राजू वर्मा के निर्देश पर बिना किसी वैध दस्तावेज के समिति से धान लोड कर अवैध परिवहन कर रहा था। विभागीय आंकड़ों के मिलान से पता चला कि समिति ने कुल खरीदे गए धान में से 995.68 क्विंटल धान को कम परिदान (डिलीवरी) करते हुए उसे सूखत बता दिया था।

वास्तव में इस धान को फर्जी तरीके से बचाकर अवैध रूप से बेचा जा रहा था। केंद्र प्रभारी और कर्मचारियों द्वारा निजी लाभ के लिए कस्टम मिलिंग नीति 2025-26 का उल्लंघन किया गया और शासन को 30.86 लाख रूपए से अधिक की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रभारी धान उपार्जन केंद्र मोहारा श्री संतोष वर्मा, कम्प्यूटर ऑपरेटर श्री वेद प्रकाश साहू एवं ग्राम खैरी निवासी अनाधिकृत खरीदार श्री राजू वर्मा के विरूद्ध थाने में मामला दर्ज किया गया है। शासन की नीति के विरूद्ध कार्य करने वाले और धान की अफरा-तफरी में संलिप्त किसी भी कर्मचारी या व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।