
लगभग 90 प्रतिशत मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण, शेष कार्य जल्द पूर्ण करने आयुक्त ने दिए निर्देश
राजनांदगांव 18 मई। जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य निगम सीमाक्षेत्र में 1 मई 2026 से प्रारंभ कर 30 मई 2026 तक करना है। निगम सीमा क्षेत्रांतर्गत मकान सूचीकरण कार्य में लगे सुपरवाईजरो की आज बैठक लेकर आयुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी श्री अतुल विश्वकर्मा ने मकान सूचीकरण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने मकान सूचीकरण कार्य के संबंध में सभी ब्लाक के सुपरवाईजरो से अलग अलग ब्लाक में की जा रही मकान गणना के संबंध में जानकारी ली। कई ब्लाक में मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण होने पर उन्होने संबंधित ब्लाक के सुपरवाईजरो को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि शेष ब्लाको के मकान सूचीकरण कार्य 20 मई तक पूर्ण कर लिया जावे, क्योकि इसके पश्चात गणना के आधार पर नजरी नक्शा तैयार करना है। नजरी नक्शा तैयार होने के बाद जो मकान बंद पाया गया था उस मकान में यदि व्यक्ति रह रहा है तो उसकी जनगणना करना है, उक्त कार्य अंतिम दिवस तक पूर्ण करना है।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने जानकारी दी कि 339 ब्लाक में 157 ब्लाक के मकान सूचीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है, 182 ब्लाक शेष है, जिसमे मकान सूचीकरण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने संबंधित ब्लाक के सूपरवाईजरो से गणना कार्य जल्द पूर्ण करने कहा।
उन्होने कहा कि निगम सीमा क्षेत्र के अनुमानित मकान 59116 में मकान सूचीकरण कार्य 53993 में मकान गणना कार्य पूर्ण हो चुका है इस प्रकार 90 प्रतिशत से अधिक मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण है। उन्होंने अच्छी प्रगति के लिए सभी सुपरवाईजर एवं प्रगणको को बधाई देते हुए शेष कार्य जल्द पूर्ण करने कहा, ताकि सतप्रतिशत मकान सूचीकरण कार्य समय सीमा में पूर्ण हो सके। बैठक में सभी ब्लाक के सुपरवाईजर उपस्थित थे।










































