राजनांदगांव: तकनीकी साक्ष्य से खुला चोरी का राज,चोरी का सामान हुआ बरामद…

केसीजी। थाना गातापार पुलिस ने मुढीपार में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 48 हजार 500 रुपये नगद, जमीन संबंधी दस्तावेज, पासबुक, किसान क्रेडिट कार्ड सहित घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 मई 2026 को ग्राम मुढीपार में प्रार्थी मोरध्वज वर्मा निवासी ग्राम करेला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मुढीपार से निकाले गए 50 हजार रुपये नगद, दो जमीन के पर्चे, एक पासबुक और दो किसान क्रेडिट कार्ड को उन्होंने अपनी टीवीएस लूना क्रमांक CG 04 LW 0995 की डिक्की में रखा था।

शासकीय शराब दुकान मुढीपार के सामने खड़ी गाड़ी की डिक्की से अज्ञात आरोपी सामान चोरी कर फरार हो गया।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना गातापार में अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही हितेष निषाद पिता जीवराखन निषाद उम्र 25 वर्ष निवासी मुढीपार थाना गातापार जिला केसीजी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से 48 हजार 500 रुपये नगद, दो जमीन के पर्चे, एक पासबुक और दो किसान क्रेडिट कार्ड बरामद किए। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 KS 3720 और रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जप्त किया गया।