राजनांदगांव: पंतजलि मेगा स्टोर्स में चोरी का खुलासा, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार…


राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने पंतजलि मेगा स्टोर्स में हुई नकदी चोरी की वारदात का चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 12,887 रुपये भी बरामद किए हैं।


पुलिस के अनुसार 30 मई 2026 को बग्गा होटल के पास जी.ई. रोड स्थित पंतजलि मेगा स्टोर्स (आकाश सेल) के संचालक ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति दुकान के पीछे के रास्ते से अंदर घुसा और गल्ले में रखे लगभग 60 से 65 हजार रुपये चोरी कर फरार हो गया।


रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आदित्य उर्फ हरिया रजक (20 वर्ष), निवासी टांकापारा वार्ड क्रमांक 14, राजनांदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया और अपने घर से 12,887 रुपये नकद पुलिस को सौंप दिए। बरामद रकम को जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।