सुशासन के पोस्टर बनाम जमीनी हकीकत ,नगरीय निकाय उपचुनावों में जनता ने दिया जवाबदेही और बदलाव का स्पष्ट संदेश — ऋषि शास्त्री

राजनांदगांव। प्रदेश में संपन्न नगरीय निकाय उपचुनावों में कांग्रेस पार्टी को मिली सफलता को जनता की भावनाओं एवं जनसमस्याओं पर आधारित जनादेश के रूप में देखा जा रहा है। पलारी एवं घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस की उल्लेखनीय जीत के साथ-साथ जगदलपुर और बिलासपुर नगर निगम सहित चारामा, पखांजूर एवं फरसगांव नगर पंचायतों के वार्ड पार्षद उपचुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों की विजय ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि जनता अब जमीनी मुद्दों पर ठोस जवाब और प्रभावी कार्य चाहती है।

युवा नेता एवं पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति, किसानों की समस्याएं, पेयजल संकट तथा आम नागरिकों से जुड़े मूलभूत विषयों को लेकर लोगों में व्यापक असंतोष व्याप्त है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केवल “सुशासन” के विज्ञापनों और बड़े-बड़े दावों से जनता की वास्तविक समस्याओं को नहीं छिपाया जा सकता। भाजपा सरकार “डबल इंजन” और “ट्रिपल इंजन” सरकार होने का राग अलापने में अधिक व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर आम जनता की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। जनता अब केवल घोषणाएं और प्रचार नहीं, बल्कि जवाबदेही, पारदर्शिता और वास्तविक विकास चाहती है।

पूर्व पार्षद एवं दल प्रवक्ता ऋषि शास्त्री ने कहा कि उपचुनावों के परिणाम यह दर्शाते हैं कि जनता अब प्रचार आधारित राजनीति से आगे बढ़कर जनसेवा और विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में रहते हुए प्रदेश के विकास एवं जनकल्याण के लिए कार्य किया तथा वर्तमान में विपक्ष की भूमिका में रहते हुए भी सड़क से सदन तक जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य कर रही है।उन्होंने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास की जीत है प्रदेश की जनता का रुख अब जवाबदेही और बदलाव की ओर है।