
स्वस्थ जीवन के लिए नियमित सायकल चलाना आवश्यक – मधुसूदन यादव
राजनांदगांव, 07 जून। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन तथा छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार खेल एवं युवा कल्याण विभाग राजनांदगांव एवं स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में विश्व सायकल दिवस के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में “फिट इंडिया संडे ऑन सायकल” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को स्वास्थ्य, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण तथा सायकलिंग के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों, आईटीबीपी के जवानों, पुलिस विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने सायकल रैली में शामिल होकर नियमित व्यायाम एवं सायकलिंग के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं, जिसके कारण अनेक प्रकार की स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया अभियान का उद्देश्य लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना है। “सेहत की डोज, आधा घंटा रोज” का संदेश प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। यदि प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा सायकल चलाई जाए तो शरीर स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान बना रहता है। उन्होंने कहा कि सायकल चलाना केवल एक खेल या शौक नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन की दिशा में एक प्रभावी कदम है।

छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज़ अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार द्वारा पूरे देश में प्रत्येक रविवार को “फिट इंडिया संडे ऑन सायकल” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करने का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है। विश्व सायकल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता यह दर्शाती है कि लोग अब स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग हो रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में सायकलिंग को शामिल करने का आग्रह किया।
आईटीबीपी कमांडेंट मनोज बहुगुणा ने कहा कि अनुशासित जीवनशैली ही स्वस्थ जीवन का आधार है। नियमित व्यायाम, खेल गतिविधियों और सायकलिंग के माध्यम से हम स्वयं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और ईंधन की खपत को देखते हुए भी सायकल का उपयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। सायकल न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।
समाजसेवी प्रदीप शर्मा ने कहा कि भारत सरकार द्वारा संचालित फिट इंडिया अभियान ने लोगों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज” का संदेश आज देश के कोने-कोने तक पहुंच रहा है और बड़ी संख्या में लोग इससे प्रेरित होकर नियमित व्यायाम एवं सायकलिंग अपना रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर एवं निर्धारित मार्ग पर सायकल रैली निकालकर फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली में शामिल खिलाड़ियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई तथा नियमित सायकल चलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व नगर निगम अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा, पार्षद सुनील साहू अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी रेखा पदम,सब इंस्पेक्टर पीटीएस अनीता साहू,, अंतर्राष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी शबनम अंसारी, आबिद बेग, ममता गुप्ता, अनुराज श्रीवास्तव, अशोक सेन , अजय लोहार, मुरली भारद्वाज, ऋषि मेश्राम, राहुल साहू, संध्या पदम, शकील अहमद, परमजीत सिंह, राजेश निर्मलकर, तरण सिंह, दिव्या धारावत, सुखदेव राउत, अर्चना चौधरी, कृष्णा यादव, प्रियंका चौराया, वीर सिंह, रूपेंद्र साहू, दिलीप कछम, कलाराम साहू, संतु मरकाम, वीरेंद्र सिन्हा, लेखराम देवांगन, जय हिंद निषाद, कुमारू राम पटेल सहित विभिन्न खेल संघों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।









































