राजनांदगांव: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार…


राजनांदगांव, 20 जून। नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एक नाबालिग बालिका के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों को बालिका के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।


शिकायत के आधार पर थाना बसंतपुर में जीरो पर अपराध दर्ज किया गया। घटना का क्षेत्र डोंगरगांव थाना अंतर्गत होने के कारण प्रकरण वहां स्थानांतरित किया गया। डोंगरगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत धारा 137(2), 64(1), 65(1) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक पुष्पराज साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। जांच के दौरान आरोपी सुभाष गेडरे (26 वर्ष) निवासी सिवनीखुर्द को उसके निवास स्थान से हिरासत में लिया गया।
पुलिस पूछताछ और विवेचना के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।