
राजनांदगांव। डोंगरगढ़ पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर वाद-विवाद और लड़ाई-झगड़ा कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका के चलते दो लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर को दिनेश मार्कण्डेय (27 वर्ष), निवासी करवारी बड़ेपारा, वार्ड नंबर 08, डोंगरगढ़ तथा केवल पटेल (25 वर्ष), निवासी देवकट्टा, थाना डोंगरगढ़ द्वारा अलग-अलग स्थानों पर वाद-विवाद और लड़ाई-झगड़ा किया जा रहा था।
आसपास के लोगों द्वारा समझाइश देने के बावजूद दोनों का आक्रोश कम नहीं हुआ और वे विवाद करने पर उतारू थे। इससे क्षेत्र में शांति भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डोंगरगढ़ पुलिस ने दोनों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल एवं रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में की गई।
डोंगरगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।











































