राजनांदगांव: कानून व्यवस्था को लेकर एसपी अंकिता शर्मा की समीक्षा बैठक, बेसिक और विजिबल पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश…

राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निराकरण और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


बैठक में एसपी ने बेसिक पुलिसिंग और बीट प्रणाली को अधिक मजबूत बनाने पर जोर देते हुए सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में नियमित पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित करने और विजिबल पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक थाना क्षेत्र के लिए माइक्रो लेवल कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन करने को कहा।


एसपी ने थानों के रजिस्टर और अभिलेखों को अद्यतन रखने, गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की नियमित जांच, किशोर पंजी का प्रभावी संधारण तथा लंबित मर्ग, गुम इंसान, शिकायतों और पुराने आपराधिक मामलों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि संज्ञेय अपराध पाए जाने पर तत्काल अपराध दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।


विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग करने, साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने तथा लंबित अज्ञात आरोपी प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही होटल, लॉज, ढाबों सहित सार्वजनिक स्थानों की नियमित जांच करने पर भी जोर दिया गया।


बैठक में डायल-112 के रिस्पॉन्स टाइम की समीक्षा, मालखाना प्रबंधन, जब्त सामग्री के सत्यापन, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार तथा पीक ऑवर्स में मुकरता चौक पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।


एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, शिष्ट और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने की हिदायत देते हुए कहा कि थाना और चौकी आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण किया जाए।