
राजनांदगांव में बसंतपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर लोगों को भयभीत कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जिले में अपराधों पर नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसंतपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि दिग्विजय कॉलेज से शीतला मंदिर जाने वाले मार्ग पर एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर 22 वर्षीय सचिन दास, निवासी दुर्गा चौक, राजनांदगांव को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में असामाजिक और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।










































