राजनांदगांव:लेब जांच रिपोर्ट में गंभीर लापरवाही, सिविल सर्जन ने एफआईआर दर्ज कराने के दिए निर्देश…

राजनांदगांव। जिला चिकित्सालय राजनांदगांव में एक गर्भवती महिला की लेब जांच रिपोर्ट समय पर उपलब्ध नहीं कराने के मामले में बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने बसंतपुर थाना प्रभारी को पत्र लिखकर संबंधित लैब टेक्नीशियन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का अनुरोध किया है।

जारी पत्र के अनुसार, 20 जुलाई 2026 की रात करीब 2:30 बजे ग्राम टोलागांव, विकासखंड डोंगरगढ़ निवासी 25 वर्षीय कविता मंडावी को प्रसव पीड़ा होने पर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। भर्ती के बाद आवश्यक रक्त जांच के लिए सैंपल लिया गया, लेकिन जांच रिपोर्ट उसी दिन दोपहर 12:49 बजे जारी की गई।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि रिपोर्ट मिलने में हुई देरी के कारण महिला का समय पर सिजेरियन ऑपरेशन नहीं हो सका, जिससे प्रसूता की गंभीर स्थिति में मृत्यु हो गई।

सिविल सर्जन ने 21 जुलाई 2026 को भेजे गए पत्र में जिला चिकित्सालय में संचालित आउटसोर्स लैब एल.एल.एम. हेल्थ केयर लिमिटेड से जुड़े लैब टेक्नीशियन खोमेंद्र कुमार पर जांच रिपोर्ट में अत्यधिक विलंब, रक्त सैंपल की सही जांच न करने और चिकित्सकीय कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पत्र में संबंधित टेक्नीशियन के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया गया है।