राजनांदगांव: पटरी पार के पाँच हॉकी खिलाड़ियों का खेलो इंडिया लघु केंद्र में चयन, शासन की योजनाओं का मिलेगा लाभ…

मिट्टी के मैदान से ऐस्ट्रो टर्फ तक: रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी के निःशुल्क प्रशिक्षण से मिली सफलता

राजनांदगांव। जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के मार्गदर्शन में रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा पटरी पार क्षेत्र के बच्चों एवं युवाओं को दिए जा रहे निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहा है। इसी क्रम में प्रशिक्षण केंद्र के पाँच प्रतिभावान खिलाड़ियों प्रिंस साहू, साक्षी साहू, प्रताप सिंह राजपूत, राहुल राजपूत एवं शिवांगी राजपूत का चयन भारत सरकार की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाली महत्वाकांक्षी योजना खेलो इंडिया लघु केंद्र, राजनांदगांव के लिए हुआ है।

छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि “मिट्टी के मैदान से निकलकर बच्चे अब ऐस्ट्रो टर्फ मैदान में खेलेंगे। रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी ग्रासरूट स्तर के हॉकी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण देकर उन्हें अगले स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर रही है। टर्फ पर खेलने का अनुभव राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए अत्यंत आवश्यक है।”

यह लघु केंद्र राजनांदगांव के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित किया जा रहा है, जहाँ चयनित खिलाड़ी हॉकी के वरिष्ठ एवं खेलो इंडिया प्रशिक्षक शकील अहमद के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

उल्लेखनीय है कि चयनित सभी खिलाड़ी पिछले लगभग एक वर्ष से अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं गोल्ड मेडलिस्ट हॉकी कोच मृणाल चौबे के मार्गदर्शन में पटरी पार क्षेत्र स्थित चिखली स्कूल मैदान में नियमित अभ्यास कर रहे थे। सीमित संसाधनों और मिट्टी के मैदान से शुरुआत करने वाले इन खिलाड़ियों की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी मानी जा रही है।

पटरी पार क्षेत्र से खिलाड़ियों के चयन का सिलसिला लगातार जारी है। इन पाँच खिलाड़ियों के चयन से पहले भी 15 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों का चयन खेलो इंडिया लघु केंद्र के लिए हो चुका है। इसके अतिरिक्त जाह्नवी मेश्राम एवं गौरांग निषाद का चयन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा मोनिष्का विश्वकर्मा का चयन स्पोर्ट्स हॉस्टल रायपुर के लिए हुआ है। लगातार मिल रही इन सफलताओं से क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।

मृणाल चौबे ने बताया कि रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी का उद्देश्य केवल हॉकी सिखाना नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से अनुशासन, स्वास्थ्य, शिक्षा और नशामुक्त जीवन के प्रति बच्चों को प्रेरित करना है। सीमित संसाधनों के बावजूद पटरी पार क्षेत्र में चल रहा यह निःशुल्क प्रशिक्षण अभियान अब राज्य एवं केंद्र सरकार की खेल योजनाओं से जुड़कर खिलाड़ियों के भविष्य को नई दिशा दे रहा है।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पटरी पार क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है। इस अवसर पर पार्षद शिव वर्मा, सुनील साहू, अपूर्वा समीर श्रीवास्तव, श्रुति लोकेश जैन, सचिन तोरहाटे, ललित नायडू , छोटेलाल रामटेके. वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी कुतबुद्दीन सोलंकी, नरेश डाकलिया , रमेश डाकलिया, शिवनारायण धकेता,नीलम जैन, अनूप श्रीवास्तव, भूषण साव,अजय झा ,कुमार स्वामी, प्रकाश शर्मा , गणेश प्रसाद शर्मा ,आशा थॉमस, ज्ञानचंद जैन, मनीष गौतम,सहायक संचालक खेल विभाग ए एक्का, एन आई एस कोच अनुराज श्रीवास्तव,प्रिंस भाटिया, गुणवंत पटेल, महेंद्र ठाकुर, संजु पटेल,अब्दुल कादिर,

दिग्विजय श्रीवास्तव, राजू रंगारी, किशोर धीवर ,योगेश दुवेदी, चंदन वैष्णव, सचिन खोबरगड़े, जावेद खान,अनीश रजा,आशीष सिंहा ,राजेश निर्मलकर, अभिनव मिश्रा, कृष्णा यादव, कुशल यादव,संतोष साहू, गोविंद यादव, हारून खान, दीपेश चौबे, रामदास यादव, दिलीप रावत,तौफीक अहमद, सुखदेव निर्मलकर, तरुण यादव सहित खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।क्षेत्र के खेल प्रेमियों, अभिभावकों एवं सामाजिक संगठनों ने विश्वास व्यक्त किया है कि आने वाले समय में यही खिलाड़ी राजनांदगांव, छत्तीसगढ़ और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।