राजनांदगांव : मोहड़ गांव में पुरानी रंजिश का विवाद, घर में घुसकर धमकाने वाले मां-बेटे गिरफ्तार…

राजनांदगांव। बसंतपुर थाना पुलिस ने घर में घुसकर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मां-बेटे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार ग्राम मोहड़ निवासी तुलसी गौतम ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के भूपेन्द्र साहू और उसकी माता पुरानी रंजिश को लेकर जबरन उनके घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने अश्लील गाली-गलौज की और स्टील पाइप दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 333 एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी भूपेन्द्र साहू और उसकी माता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, प्रधान आरक्षक किशोर यादव, महिला आरक्षक अनुपमा चन्द्रवंशी तथा आरक्षक राजश्री मरकाम की सराहनीय भूमिका रही।