राजनांदगांव : गर्लफ्रेंड को लेकर विवाद में चाकूबाजी, डोंगरगढ़ पुलिस ने भिलाई से आरोपी दबोचा…

राजनांदगांव। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। फरार आरोपी की तलाश में साइबर थाना राजनांदगांव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


पुलिस के अनुसार प्रार्थी अशोक तिवारी, निवासी बुधवारी पारा, डोंगरगढ़ ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 अगस्त की शाम उन्हें सूचना मिली कि उनके भतीजे आर्यन तिवारी पर किसी अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया है। घायल को पहले शासकीय अस्पताल डोंगरगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मेकाहारा अस्पताल रायपुर भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।


घायल आर्यन तिवारी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी महिला मित्र के साथ क्रॉस पहाड़ी गया था। इसी दौरान विक्रम कुल्लू (19 वर्ष), निवासी महावीर पारा, डोंगरगढ़ वहां पहुंचा और प्रेम-प्रसंग को लेकर विवाद करते हुए पहले गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की नीयत से उसके पेट पर धारदार चाकू से हमला कर दिया।


मामले में डोंगरगढ़ थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) एवं 109 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने साइबर थाना राजनांदगांव के सहयोग से फरार आरोपी की तलाश की।


तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को भिलाई से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।