
सीआरसी राजनांदगांव में विशेष शिक्षा एवं भारतीय सांकेतिक भाषा व्याख्या पाठ्यक्रमों के लिए आमंत्रित किए गए आवेदन
राजनांदगांव। ठाकुरटोला स्थित कॉम्पोजिट रीजनल सेंटर (CRC), राजनांदगांव में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आरसीआई (Rehabilitation Council of India) से मान्यता प्राप्त दो वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 5 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
संस्थान द्वारा डिप्लोमा इन इंडियन साइन लैंग्वेज इंटरप्रिटेशन (DISLI) तथा डिप्लोमा इन एजुकेशन स्पेशल एजुकेशन (इंटेलेक्चुअल एंड डेवलपमेंटल डिसएबिलिटीज) [D.Ed. Spl.Ed. (IDD)] पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। दोनों पाठ्यक्रमों की अवधि दो वर्ष है तथा इनकी मान्यता आरसीआई, नई दिल्ली से प्राप्त है।
संस्थान के अनुसार D.Ed. Spl.Ed. (IDD) में प्रवेश के लिए 10+2 या समकक्ष परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं, जबकि DISLI पाठ्यक्रम के लिए 10+2 में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक के साथ कार्यात्मक हाथों का उपयोग तथा कम से कम एक भाषा में दक्षता एवं सामान्य श्रवण क्षमता अनिवार्य है।
प्रवेश पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा तथा किसी प्रकार की प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। सामान्य वर्ग के लिए पंजीयन शुल्क 500 रुपये तथा ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 350 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं दिव्यांगजन, उनके माता-पिता एवं दिव्यांग अभिभावकों के भाई-बहनों के लिए ट्यूशन फीस नहीं ली जाएगी। राज्य शासन द्वारा एसटी, एससी एवं ओबीसी वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का भी प्रावधान है।
प्रथम मेरिट सूची 26 अगस्त, प्रथम काउंसलिंग 29 अगस्त से 3 सितंबर, द्वितीय मेरिट सूची 5 सितंबर, द्वितीय काउंसलिंग 8 से 11 सितंबर, अंतिम प्रवेश सूची 15 सितंबर तथा कक्षाओं का शुभारंभ 18 सितंबर 2026 से होगा।
संस्थान ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को विशेष शिक्षा, सांकेतिक भाषा, पुनर्वास सेवाओं एवं समावेशी शिक्षा के क्षेत्र में रोजगार और करियर के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।










































