राजनांदगांव: राहगीरों से विवाद करना पड़ा भारी, चिखली पुलिस ने दो बदमाशों पर की कार्रवाई…

राजनांदगांव जिले की चिखली पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। दोनों पर राहगीरों से विवाद कर अशांति फैलाने का आरोप है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में चिखली क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत पुलिस ने शिवनगर ढाबा रोड निवासी राकेश सिंह नागवंशी और शंकरपुर निवासी आर्यन शर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी राह चलते लोगों से विवाद कर क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग कर रहे थे, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई थी।

चिखली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत अलग-अलग प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।