राजनांदगांव: हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत टाउन हाॅल में हुआ देश भक्ति संगीतमय आयोजन…

हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत टाउन हाॅल में हुआ देश भक्ति संगीतमय आयोजन

अपने घरों में तिरंगा लगाने तथा 14 अगस्त को सुबह तिरंगा यात्रा में सहभागिता निभाने महापौर ने नागरिको से की अपील

राजनांदगांव 12 अगस्त। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर आमजनों में देश भक्ति की भावना विकसित करने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान में वृद्धि करने हर घर तिरंगा कार्यक्रम 9 अगस्त से 17 अगस्त तक देश भर में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन के तहत शहर में भी हर घर तिरंगा अभियान चलाने तिरंगा यात्रा एवं तिरंगा रैली का आयोजन करने के साथ साथ देश प्रेम की भावना अभिव्यक्त करने कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इसी कडी में आज महापौर श्री मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में टाउन हाॅल में निगम अध्यक्ष श्री टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा तथा आयुक्त श्री जी.आर.मरकाम सहित निगम पदाधिकारियो की उपस्थिति में देश भक्ति से परिपूर्ण संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया गया।


हर घर तिरंगा कार्यक्रम अंतर्गत देश भक्ति संगीतमय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि हमारे देश के यशस्वी माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के निर्देश पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर राष्ट्रीय गीत के प्रति सम्मान एवं जन सहभागिता सुनिश्चित करने हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस परिपे्रक्ष्य में आज नगर निगम में देश भक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के पहली तिहार हरेली की बधाई देते हुए कहा कि आज इस पावन अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि 1857 से लेकर 1947 तक आजादी की लड़ाई चली और 1947 में हमे आजादी मिली, तब से हम स्वतंत्र भारत में निवास कर रहे है। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त 1947 के भारत विभाजन के दौरान लगभग 20 लाख से अधिक प्रभावित लोगो के संघर्ष एंव बलिदान से हमे अलग स्वतंत्र भारत देश मिला, इसी की स्मृति में 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका दिवस मनाया जाता है। उन्होंने विभाजन के सभी पहलुओ पर विस्तर से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का मुख्य उद्देश्य देश की आजादी में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों की स्मृति में अपने घर, कार्यालय व प्रतिष्ठान में तिरंगा फहराकर राष्ट्र भक्ति से जुडना है।

महापौर ने कहा कि इसी कडी में तिरंगा यात्रा भी निकाला जाना है, उक्त यात्रा 14 अगस्त को सुबह अंतर्राष्ट्रीय हाॅकी स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दौड के रूप में होगी। उन्होंने पार्षदो सहित नागरिको से तिरंगा यात्रा में उपस्थिति की अपील की।
आयुक्त श्री मरकाम ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा देश संघर्ष और बलिदान के बाद आजाद हुआ और आज हम स्वतंत्र भारत में सास ले रहे है। उन्होंने कहा कि शासन निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इसी के तहत निगम द्वारा भी देश भक्ति के संगीतमय कार्यक्रम के साथ साथ तिरंगा यात्रा भी निकाली जायेगी। उन्होंने तिरंगे झंडे के संबंध में कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज तीन रंगो का ही प्रतीक नही है, बल्कि त्याग, बलिदान, शांति, प्रगति और समृद्धि तथा हरियाली का प्रतीक है। एकता अखण्डता बनाए रखने में तिरंगा का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि संयोग से आज हरेली त्योहार है, अच्छी हरी भरी फसल की मंगल कामना के साथ यह त्योहार मनाते है।


कार्यक्रम के प्रारंभ में महापौर एवं निगम पदाधिकारियो ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा में माल्यापर्ण कर पूजा अर्चना किए। साथ ही झनकार संगीत समिति के कलाकार श्री मनोहर यादव एंव साथियो ने ए मेरे वतन के लोगो, दिल दिया है जान भी देगे, ये देश है वीर जवानो का जैसे देश भक्ति गीत के साथ छत्तीसगढ ला कईथे धान के कटोरा व मोर संग चालो जी जैसे सुमधुर गीतो की प्रस्तुति दिए। कार्यक्रम का संचालन लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सदस्य श्री सावन वर्मा ने किया। देश भक्ति गीत कार्यक्रम में महापौर परिषद के प्रभारी सदस्यगण, पार्षदगण, नामांकित पार्षदगण सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।