back to top

पत्नी से मारपीट और अवैध संबंध के शक को लेकर रची हत्या की साजिश, नाबालिग भी शामिल…

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। थाना मदनवाड़ा क्षेत्र में मार्च माह में हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना से संबंधित साक्ष्य और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

Advertisements

पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को ग्राम भैंसाराटोला निवासी संजय हथगिया ने सूचना दी थी कि कोहका नदी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। सूचना पर मदनवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विवेचना में हत्या की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 103(1), 238 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मृतक की पहचान कदम भुआर्य (36), निवासी फुलकोडो, थाना खड़गांव, हाल मुकाम राजकट्टा, थाना औंधी के रूप में हुई। पुलिस ने स्थानीय मुखबिरों और साइबर सेल की तकनीकी सहायता से संदेहियों की तलाश शुरू की। एक संदिग्ध की मोबाइल लोकेशन हैदराबाद में मिलने पर पुलिस टीम वहां रवाना हुई और चंदर सिंह अंधारे को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि मृतक अपनी पत्नी के साथ कथित मारपीट करता था और पत्नी के मायके पक्ष के लोगों पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर चमन लाल देहरी और चंदर सिंह अंधारे सहित अन्य आरोपियों ने हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार 28 फरवरी को आरोपियों ने कदम भुआर्य को सीतागांव बस स्टॉप के पास से अपने साथ लिया और शराब पीने के बहाने चिखलाकसा भैंसाराटोला क्षेत्र के नाले के पास ले गए। वहां शराब सेवन के बाद कथित तौर पर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को नाले के किनारे गड्ढे में छिपा दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मृतक का मोबाइल, पर्स और जूते भी अपने साथ ले लिए थे। पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। मामले में चंदर सिंह अंधारे (25), हेमंत राणा (21) और चमन लाल देहरी (24) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को कानून के अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन तथा एसडीओपी मानपुर विनोद मिंज के मार्गदर्शन में थाना मदनवाड़ा पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Advertisements

You cannot copy content of this page