back to top

CRC राजनांदगांव में मनाया गया रक्षाबंधन समारोह, 60 लाभार्थियों ने लिया हिस्सा…

राजनांदगांव। कंपोजिट रीजनल सेंटर (CRC), राजनांदगांव में विद्यार्थियों, लाभार्थियों एवं उनके अभिभावकों के साथ रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास एवं भावनात्मक वातावरण में मनाया गया।

Advertisements

समारोह का आयोजन प्रथम एवं द्वितीय दोनों सत्रों में किया गया, जिसमें कुल 60 लाभार्थियों ने सहभागिता की। अभिभावकों की सक्रिय मौजूदगी ने आयोजन को और अधिक विशेष एवं आत्मीय बना दिया।


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं लाभार्थियों के अभिभावकों के लिए प्लेट सजावट गतिविधि आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक इसमें हिस्सा लिया। गतिविधि के माध्यम से रचनात्मकता, सामाजिक सहभागिता, आपसी सहयोग एवं एकजुटता की भावना को प्रोत्साहित किया गया।


रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर प्रेम, स्नेह और भाई-बहन के अटूट रिश्ते का संदेश दिया। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर अपने स्नेह का इजहार किया। राखी बांधने के दौरान कई भावुक क्षण देखने को मिले। अभिभावकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे बच्चों के लिए आनंददायक और यादगार पहल बताया।
समारोह में लाभार्थियों को चॉकलेट का वितरण भी किया गया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान CRC परिसर में सौहार्दपूर्ण, खुशनुमा एवं समावेशी वातावरण बना रहा।


कार्यक्रम का संपूर्ण समन्वय सुश्री निधि राजन, डेवलपमेंटल थेरेपिस्ट ने किया। वहीं श्रीमती प्रेरणा असाटिया, एक्टिविटी टीचर एवं श्रीमती नंदिनी साहू, केयरगिवर ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों, लाभार्थियों और अभिभावकों को एक साथ पर्व मनाने का अवसर मिला तथा समावेशिता और सामाजिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा मिला।

Advertisements

You cannot copy content of this page