
राजनांदगांव। नशा उन्मूलन अभियान एवं अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर टीम राजनांदगांव और पुलिस चौकी चिचोला ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 99 बल्क लीटर शराब और परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार सहित करीब 3 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्विफ्ट कार में अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए बागनदी की ओर से चिचोला की तरफ लाई जा रही है। सूचना पर साइबर टीम और चिचोला पुलिस ने महारू नेताम के ढाबे के सामने औराटोला के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोका।
तलाशी के दौरान कार की डिग्गी में पांच थैलों में देशी शोले शराब की 400 नग और सीजी अंग्रेजी शराब की 150 नग, कुल 99.000 बल्क लीटर शराब मिली। इसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त पुरानी सफेद रंग की स्विफ्ट कार क्रमांक CG 08 R 0888, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है, को भी पुलिस ने जब्त किया।
पुलिस पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम रूपेश्वर साहू (39 वर्ष), निवासी रामपुर खातूटोला, पुलिस चौकी चिचोला, जिला राजनांदगांव बताया। शराब के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब और वाहन को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री केसरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में साइबर टीम के निरीक्षक विनय पम्मार, चौकी प्रभारी योगेश पटेल, प्रधान आरक्षक सुनील वर्मा सहित पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










































