back to top

राजनांदगांव: नवनिर्माणाधीन मकान में चोरी का खुलासा, 3 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार…

ग्लाइंडर कटर मशीन और केबल वायर चोरी करने वाले आरोपियों से मशरूका बरामद

Advertisements


राजनांदगांव। थाना बसंतपुर क्षेत्र में नवनिर्माणाधीन मकान में हुई चोरी का पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई ग्लाइंडर कटर मशीन और केबल वायर बरामद कर जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


पुलिस के अनुसार, प्रार्थी दुर्गा प्रसाद देवांगन, निवासी दीवानपारा, राजनांदगांव ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सत्यम विहार कॉलोनी स्थित नवनिर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने वहां रखे चार बंडल केबल वायर और एक ग्लाइंडर कटर मशीन, जिसकी कुल कीमत करीब 40 हजार रुपये है, चोरी कर ली।


घटना 28 अगस्त से 1 सितंबर 2026 के बीच की बताई गई। शिकायत के आधार पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 406/2026 के तहत धारा 331(4), 305 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई।


पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास और शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेह के आधार पर लोजस उर्फ लक्की देवांगन (20 वर्ष) और हरिनारायण यादव (20 वर्ष), दोनों निवासी कोठारपारा, नंदई, थाना बसंतपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।


पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी गया ग्लाइंडर कटर मशीन और केबल वायर बरामद कर पुलिस ने विधिवत जब्त किया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Advertisements

You cannot copy content of this page