
तुमड़ीबोड़ पुलिस ने धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त बाइक की जब्त

राजनांदगांव। ग्राम खम्हेरा में पुरानी रंजिश को लेकर सार्वजनिक स्थान पर चाकू दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को तुमड़ीबोड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से लोहे के पट्टे से निर्मित धारदार चाकू तथा घटना में प्रयुक्त बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को ग्राम खम्हेरा से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से पहुंचकर पुरानी रंजिश को लेकर चाकू दिखाते हुए लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान कामेश्वर साहू (38 वर्ष), निवासी ग्राम कोहिलापुरी के कब्जे से लोहे के पट्टे से निर्मित धारदार चाकू बरामद किया। वहीं घटना में प्रयुक्त बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LD 7061 को दूसरे आरोपी देवेन्द्र साहू (27 वर्ष), निवासी ग्राम कोहिलापुरी के कब्जे से जब्त किया गया।
पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को भयभीत करने के मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के दिशा-निर्देशन में की गई।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, सउनि. चुन्नीलाल साहू, प्रधान आरक्षक लोकनाथ वर्मा, आरक्षक लोकेश साहू, चंद्रशेखर यादव सहित तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।











































