back to top

राजनांदगांव में अवैध मवेशी परिवहन पर सोमनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18 भैंसों समेत 8.80 लाख की संपत्ति जब्त…


राजनांदगांव। गौवंश के अवैध परिवहन के खिलाफ सोमनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 नग भैंसों को बरामद किया है। पुलिस ने अवैध परिवहन में प्रयुक्त टाटा आयसर वाहन समेत कुल 8 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में मुख्य आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने के बाद उसे जेल दाखिल कराया गया है। वहीं प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

Advertisements


जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को सोमनी पुलिस पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टाटा आयसर वाहन क्रमांक CG-15-DZ-4514 में मवेशियों को भरकर दुर्ग से राजनांदगांव की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक के.पी. मरकाम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई।


पुलिस टीम ने ठाकुरटोला टोल प्लाजा के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध आयसर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन को यू-टर्न लेकर तेज गति से दुर्ग की ओर भगाने लगा। पुलिस ने पीछा किया। ग्राम टेडेसरा के पास जीई रोड पर चालक ने वाहन को एक डिवाइडर से टकरा दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम संगीत मधुकर उर्फ टेटे, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम पथर्रा, थाना भिलाई-3, जिला दुर्ग बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी राजू पारधी के साथ 18 भैंसों को वाहन में भरकर भंडरा, महाराष्ट्र ले जा रहा था।


वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 18 नग भैंस बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। वहीं अवैध परिवहन में प्रयुक्त टाटा आयसर वाहन की कीमत करीब 7 लाख रुपये है। इस तरह पुलिस ने कुल 8 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।


पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11, छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने के बाद उसे जेल दाखिल कराया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपी राजू पारधी की तलाश की जा रही है।

Advertisements

You cannot copy content of this page