back to top

राजनांदगांव: शराब के लिए 500 रु मांगने पर युवक से मारपीट, सिर पर किया वार ,दो आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। लालबाग थाना क्षेत्र के रेवाडीह में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, गाली-गलौज करने और मारपीट कर सिर में चोट पहुंचाने के मामले में लालबाग पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।

Advertisements


पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे रेवाडीह स्थित पुराने शराब भट्ठी के काउंटर के पास 44 वर्षीय जंगूल राम यादव खड़ा था। इसी दौरान दिलीश साहू उर्फ मामू नाई और संदीप ठाकुर वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। प्रार्थी ने आरोपियों को ₹120 दिए, लेकिन दोनों ने उससे ₹500 की मांग की।


रकम देने से इनकार करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ में पहने कड़े/वस्तु से प्रार्थी के सिर के पीछे और ऊपर वार कर चोट पहुंचाई। शिकायत के आधार पर लालबाग थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 389/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान सूचना मिली कि दोनों आरोपी अपने मकान के सामने मौजूद हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। दोनों आरोपियों को 8 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई तथा आरोपियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचना जारी है।


गिरफ्तार आरोपी:
दिलीश साहू उर्फ मामू नाई, उम्र 19 वर्ष, निवासी रेवाडीह जलतरैया पारा।
संदीप ठाकुर, उम्र 20 वर्ष, निवासी रेवाडीह जलतरैया पारा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी दिलीश साहू उर्फ मामू नाई के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट का अपराध दर्ज है। लालबाग पुलिस द्वारा असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Advertisements

You cannot copy content of this page