
राजनांदगांव। घुमका थाना क्षेत्र के डुमरडीहखुर्द-देवडोंगर चौक के पास मुख्य मार्ग पर चारपहिया वाहन को रोककर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने करीब 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया डीआई योद्धा वाहन, दो मोबाइल फोन और 3200 रुपए नकद सहित कुल 4 लाख 8 हजार 200 रुपए का शत-प्रतिशत माल बरामद किया है। वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा थार वाहन, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई गई है, सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 9 सितंबर को संजय साहू निवासी बसंतपुर ने थाना घुमका में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि डुमरडीहखुर्द देवडोंगर चौक के पास मेन रोड पर सामने से आ रही काले रंग की थार में सवार चालक और उसके साथियों ने रास्ता रोककर उसका डीआई योद्धा वाहन, दो मोबाइल फोन और 3200 रुपए लूट लिए और फरार हो गए। शिकायत पर घुमका पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 112/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीओपी डोंगरगांव मंजुलता बाज और उप पुलिस अधीक्षक क्राइम सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में थाना घुमका और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच के दौरान पुलिस को संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अनमोल चंदेल (29), खिलेश्वर साहू उर्फ बादल साहू (29), जे. गौतम राव (24) और लक्ष्मण शिवप्रसाद सोनबोइर उर्फ डोमा (20) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया डीआई योद्धा वाहन, दो मोबाइल फोन और 3200 रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त महिंद्रा थार वाहन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। चारों आरोपियों को 10 सितंबर की रात गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई के बाद शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी घुमका निरीक्षक अब्दुल समीर, पुलिस टीम तथा साइबर सेल राजनांदगांव के निरीक्षक विनय पम्मार सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































