
डोंगरगढ़। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गातापार कला स्थित सामुदायिक भवन में कांग्रेस कमेटी की ठेलकाडीह मंडल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल शामिल हुईं। इस दौरान संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाने, आगामी संगठनात्मक गतिविधियों तथा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक के समक्ष स्थानीय समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, बिजली व्यवस्था, खाद की उपलब्धता, अघोषित बिजली कटौती, गैस सिलेंडर के बढ़े दाम और शक्कर की कीमतों सहित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों के समक्ष मुद्दे उठाकर समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि कांग्रेस संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आमजन से निरंतर संवाद से संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं एवं स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान, तेजराम वर्मा, कमलेश सिंह, कमलेश्वर वर्मा, राजभान लोधी, मंडल अध्यक्ष रौनक बाफना, सेक्टर अध्यक्ष बालचंद साहू, भीम सिंह टंडन, संतोष देवांगन, टिकेश साहू, आनंद बंजारे सहित बूथ अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसी, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











































