
बसंतपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा, घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद

राजनांदगांव। शराब दुकान के सेल्समैन से बिना पैसे शराब की बोतल मांगने और मना करने पर विवाद कर धारदार चाकू से हमला करने वाले दो आरोपियों को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी चन्द्रेश कुमार सिन्हा, निवासी मुड़िया मोहारा, डोंगरगढ़, बसंतपुर क्षेत्र की देशी शराब दुकान में सेल्समैन के रूप में कार्य करता है। 10 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह अपने सहकर्मियों के साथ शराब की बिक्री कर रहा था। इसी दौरान भरत उर्फ सोनू साहू (23) निवासी चौखड़ियापारा और रोशन साहू (23) निवासी ग्राम फरहद शराब दुकान पहुंचे और बिना पैसे शराब की बोतल मांगने लगे।
सेल्समैन द्वारा बिना पैसे शराब देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने विवाद करते हुए गाली-गलौज की और धारदार चाकू से सेल्समैन पर हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 417/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किए जाने के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।











































