
राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का “सेवा ही संकल्प” अभियान चलाया जाएगा।

अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक नवीन मार्कंडेय ने शनिवार, 12 सितंबर को राजनांदगांव जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता ली।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए नवीन मार्कंडेय ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 13 सितंबर को पूरे छत्तीसगढ़ में 36 लाख दीप जलाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इस आयोजन के माध्यम से आम नागरिकों से आशीर्वाद लिया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता प्रदेशभर में लोगों के बीच पहुंचकर अभियान में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 13 प्रमुख कार्यों को लेकर भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। इस दौरान आम नागरिकों की समस्याओं को सुना जाएगा और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।
सेवा कार्यों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों से जुड़ना और जनसमस्याओं के निराकरण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने और जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित यह अभियान सेवा गतिविधियों के माध्यम से जनता से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। इसे लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
पत्रकार वार्ता के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, महापौर मधुसूदन यादव, भाजपा वरिष्ठ नेता शशिकांत त्रिवेदी, रमेश पटेल, पूर्व विधायक विनोद खांडेकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।










































